50 इलेक्ट्रिक बसों का होगा संचालन, 65 गांवों तक पहुंचेगी आधुनिक परिवहन सुविधा
भीलवाड़ा । प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत भीलवाड़ा शहर को आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को जयपुर से वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर ई-बस सेवा का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई यह योजना शहरी परिवहन में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में भीलवाड़ा के लिए 18 तथा जयपुर के लिए 29 ई-बसों का संचालन शुरू किया गया है। केंद्र सरकार द्वारा डिपो निर्माण, इलेक्ट्रिकल इंफ्रास्ट्रक्चर एवं संचालन के लिए लगातार सहयोग दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ई-बसों के संचालन से प्रदूषण में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस इन बसों में महिलाओं, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सुरक्षा के लिए बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
नगर निगम परिसर में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
जिला मुख्यालय स्थित नगर निगम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शहर विधायक अशोक कोठारी, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू, जिला परिषद सीईओ चंद्रभान सिंह भाटी, नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ई-बस सेवा से आमजन को किफायती, सुरक्षित और वातानुकूलित यात्रा सुविधा मिलेगी। साथ ही डीजल-पेट्रोल पर निर्भरता कम होने से पर्यावरण को भी लाभ होगा।
भीलवाड़ा को आवंटित हुईं 50 ई-बसें
सांसद दामोदर अग्रवाल ने वीडियो संदेश में बताया कि प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत भीलवाड़ा को कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई हैं। इन बसों का संचालन शहर एवं आसपास के लगभग 35 किलोमीटर क्षेत्र में किया जाएगा, जिससे करीब 65 गांवों के लोग लाभान्वित होंगे।
9.5 करोड़ की लागत से बना अत्याधुनिक डिपो
योजना के सफल संचालन के लिए मोहनलाल सुखाड़िया नगर में 16,742 वर्गमीटर भूमि पर करीब 9.5 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बस डिपो का निर्माण किया गया है।
यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
ई-बसों में दिव्यांगजनों के लिए लिफ्ट, एयर कंडीशनिंग, पब्लिक सेफ्टी सेंसर गेट, ऑटोमेटिक पैसेंजर काउंटिंग सिस्टम, आपातकालीन निकास द्वार तथा प्रत्येक बस में 8 सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। कैमरों की रिकॉर्डिंग एक माह तक सुरक्षित रखी जा सकेगी।
प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना को भीलवाड़ा को स्वच्छ, हरित एवं आधुनिक शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे नागरिकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और प्रदूषण मुक्त यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी।
