रूट विवाद को लेकर ऑटो चालकों का प्रताप नगर थाने पर प्रदर्शन,दी आंदोलन की चेतावनी

BHILWARA
Spread the love



*पुनित चपलोत*
भीलवाड़ा। शहर में ऑटो चालकों के बीच रूट संचालन को लेकर बढ़ते विवाद के बीच  बड़ी संख्या में ऑटो चालक प्रताप नगर थाने पहुंचे और प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन कर रहे ऑटो चालक रोहित जोशी ने बताया कि वे और उनके साथी वर्षों से महाराणा टॉकीज से रीको क्षेत्र तक निर्धारित रूट पर ऑटो संचालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका आरोप है कि पिछले कुछ समय से अन्य रूटों के ऑटो चालक उनके क्षेत्र में आकर सवारियां उठा रहे हैं, जिससे विवाद की स्थिति पैदा हो रही है।

ऑटो चालकों का कहना है कि बाहरी रूट के कुछ चालक सवारियों के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट जैसी घटनाओं में भी शामिल रहते हैं। ऐसे मामलों का गलत असर उनके रूट पर काम करने वाले चालकों की छवि पर पड़ रहा है और आम जनता में उनकी बदनामी हो रही है।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि निर्धारित रूट व्यवस्था का सख्ती से पालन कराया जाए तथा अन्य रूटों के ऑटो चालकों को उनके क्षेत्र में अवैध रूप से संचालन करने से रोका जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि किसी अन्य रूट का चालक कोई गलत हरकत करता है तो उसकी जिम्मेदारी उसी पर तय की जाए और निर्दोष चालकों को परेशान नहीं किया जाए।

प्रदर्शन के दौरान ऑटो चालकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे भी आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।