BHILWARA

वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान को लेकर उठी आवाज, नई प्रांतीय कार्यकारिणी ने ली शपथ



कोटा में आयोजित बैठक में रेलवे रियायत बहाली, अलग मंत्रालय, पेंशन वृद्धि और स्वास्थ्य सुविधाओं सहित विभिन्न मांगों पर हुई चर्चा

भीलवाड़ा । वरिष्ठ नागरिकों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान की मांग को लेकर वरिष्ठ नागरिक संस्थान राजस्थान की सत्र 2026-29 की नवगठित प्रांतीय कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह एवं प्रथम बैठक रविवार को कोटा क्लब, कोटा में आयोजित हुई।



बैठक में वरिष्ठ नागरिकों के लिए राजस्थान एवं केंद्र सरकार में अलग मंत्रालय की स्थापना, रेलवे किराये में मिलने वाली रियायत पुनः लागू करने, प्रत्येक जिले में वरिष्ठ नागरिक भवन उपलब्ध कराने, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने, पुलिस की बीट व्यवस्था को प्रभावी बनाने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन में वृद्धि करने, नेशनल पॉलिसी ऑन ओल्डर पर्सन्स-1999 तथा मेंटेनेंस एंड वेलफेयर ऑफ पेरेंट्स एंड सीनियर सिटीजन एक्ट-2007 में समयानुकूल संशोधन करने तथा वरिष्ठ नागरिक हेल्पलाइन 14567 को 24 घंटे संचालित करने सहित विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम को प्रदेश अध्यक्ष भंवर सेठ एवं प्रदेश महामंत्री मदन खटोड़ ने संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों के लिए प्रभावी प्रयास करने का आह्वान किया। वरिष्ठ नागरिक संस्थान कोटा के अध्यक्ष एवं प्रदेश उपाध्यक्ष टी.पी.एस. सेठी तथा महासचिव धर्मेंद्र अरोड़ा ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।

बैठक में प्रदेशभर से आए 52 प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्यों ने अपने-अपने जिलों की गतिविधियों की जानकारी दी तथा संगठन विस्तार पर विचार-विमर्श किया।

इस अवसर पर भीलवाड़ा से प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मदन खटोड़, कृष्ण गोपाल सोमानी, अरुण कुमार आचार्य, उमा शंकर शर्मा, प्रमोद कुमार तोषनीवाल, कैलाश चंद्र पुरोहित एवं वीणा खटोड़ ने नवीन सत्र के लिए पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

कार्यक्रम में भीलवाड़ा से मूलचंद बाफना, रमा पुरोहित, पुष्पा तोषनीवाल, शकुंतला बाफना एवं विजयलक्ष्मी सोमानी सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button