बिजौलिया । कस्बे की प्रगति नगर कॉलोनी में रविवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने बेखौफ होकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। करीब ढाई बजे चार संदिग्ध कॉलोनी में पहुंचे और कुछ ही मिनटों के भीतर दो अलग-अलग मकानों से बाइक चोरी कर फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार बदमाश सबसे पहले कॉलोनी निवासी दिलावर सिंह के मकान पहुंचे। उन्होंने मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और परिसर में खड़ी बाइक का लॉक तोड़कर उसे बाहर निकाल लिया। इसके बाद बिना किसी शोर-शराबे के वहां से निकल गए।
पहली वारदात के तुरंत बाद चोर पास ही रहने वाले शिक्षक रामफूल मीणा के मकान पहुंचे। यहां भी उन्होंने मुख्य गेट का ताला तोड़ा और परिसर में खड़ी दूसरी बाइक चोरी कर ली। दोनों घटनाएं इतनी तेजी से हुईं कि घरों में सो रहे लोगों को सुबह होने तक इसकी भनक भी नहीं लगी।
सुबह जब दोनों परिवारों ने गेट के ताले टूटे और बाइक गायब देखी तो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में चार नकाबपोश संदिग्ध चोरी की गई बाइक ले जाते हुए दिखाई दिए।
दोनों पीड़ितों ने बिजौलिया थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के साथ उनके संभावित भागने के रास्तों की भी जांच कर रही है।
