गंगापुर, 21 जुलाई 2026। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) की सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता (सीएपी) इकाई द्वारा मंगलवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगापुर में स्वच्छता एवं एफएसटीपी (फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट) विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 180 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में आरयूआईडीपी जयपुर से आए एम एंड ई एक्सपर्ट के.के. शर्मा ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। स्वच्छ वातावरण व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं बौद्धिक रूप से स्वस्थ रखता है। उन्होंने छात्राओं को भोजन करने से पहले तथा शौच के बाद साबुन से हाथ धोने, घर एवं आसपास नियमित साफ-सफाई रखने तथा स्वच्छ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से बीमारियों पर नियंत्रण रहता है और अनावश्यक चिकित्सा खर्च से बचाव होता है।
सीएमई मनोज श्रीवास्तव ने आरयूआईडीपी द्वारा निर्मित फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) की जानकारी देते हुए बताया कि घरों के सेप्टिक टैंकों से निकलने वाले मल-जल का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रायपुर रोड स्थित नेहरू नगर में बनाए गए एफएसटीपी में फीकल स्लज को ट्रीट कर उपयोगी खाद में परिवर्तित किया जाएगा। इससे खुले में गंदगी फैलने की समस्या समाप्त होगी, पर्यावरण स्वच्छ रहेगा और आमजन को जल्द ही परियोजना का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
सहायक सामाजिक विकास अधिकारी रेखा खटीक ने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं हाइजीन के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का सकारात्मक प्रभाव व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके व्यक्तित्व और मानसिक विकास पर भी पड़ता है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे कार्यक्रम में मिली जानकारी को केवल अपने तक सीमित न रखें, बल्कि अपने परिवार, पड़ोस और मोहल्ले के लोगों को भी स्वच्छता एवं एफएसटीपी के लाभों के बारे में जागरूक करें।
कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापक सुरेश गुर्जर, रेखा जीनगर, वर्षा चौहान, रवि कुमार एवं बाबूलाल सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने आरयूआईडीपी की इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित करने की आवश्यकता जताई।
