तिलस्वां महादेव जाने वाले प्रमुख मार्ग पर निर्माण कार्य की धीमी गति से राहगीरों में चिंता, आए दिन हो रहे हादसे
(बिजोलिया/नरेश धाकड़)। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर सलावटिया के निकट निर्माणाधीन पुलिया का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। निर्माण स्थल पर उचित यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। सोमवार को एक बार फिर पुलिया के पास एक ट्रक असंतुलित होकर क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिया निर्माण के दौरान सड़क संकरी हो गई है और डायवर्जन भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। भारी वाहनों के साथ-साथ छोटे वाहन चालकों को भी यहां से गुजरने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण यह समस्या लगातार बनी हुई है और दुर्घटनाओं की संख्या भी बढ़ती जा रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि कुछ समय पहले भी इसी स्थान पर कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। इसके बावजूद निर्माण कार्य में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई दे रही है। लोगों ने संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी से पुलिया का कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा पर्याप्त चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षित डायवर्जन की व्यवस्था करने की मांग की है।
विशेष चिंता का विषय यह है कि श्रावण मास शुरू होने वाला है। इस दौरान तिलस्वां महादेव मंदिर में दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं। कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने से यातायात का दबाव भी काफी अधिक रहेगा। ऐसे में यदि समय रहते आवश्यक सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि श्रावण मास को देखते हुए निर्माण स्थल पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाए तथा पुलिया निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आम राहगीरों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।
