*भीलवाडा फाेकस कांगनी* *राकेश शर्मा* – झोर से नेगड़िया खेड़ा जाने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। आजादी के 75 वर्ष बाद भी नाडा के बावजी मंदिर से करीब एक किलोमीटर आगे, भीलवाड़ा जिले की सीमा स्थित नेगड़िया खेड़ा तक सड़क कच्ची होने से राहगीरों और श्रद्धालुओं को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है।
ग्रामीण नारायण जाट, नरेश पुरी गोस्वामी, मुकेश जाट और गोपाल जाट ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आवागमन रहता है। बारिश होने पर सड़क दलदल में तब्दील हो जाती है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग के पास स्थित खजुरिया बावजी धार्मिक स्थल पर प्रत्येक शनिवार बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। लेकिन सड़क पर फैले कीचड़ के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग से पहले मार्ग पर ग्रेवल डलवाने तथा जल्द से जल्द सड़क का डामरीकरण कराने की मांग की है, ताकि बारिश के मौसम में लोगों और श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
