पांच पवित्र नदियों के जल से होगा भगवान शिव का जलाभिषेक, आमां चौराहे पर पुष्पवर्षा कर होगा भव्य स्वागत

BHILWARA
Spread the love



बड़लियास( रोशन वैष्णव )
सावन माह के पावन अवसर पर 3 अगस्त (सोमवार) को ग्राम फलोदी से विशाल कांवड़ यात्रा श्रद्धा, आस्था और भक्तिभाव के साथ निकाली जाएगी। आयोजन समिति के सदस्य दीपक पांडया ने बताया कि इस यात्रा में श्रद्धालु हरिद्वार की गंगा, उज्जैन की शिप्रा, त्रिवेणी संगम सहित पांच पवित्र नदियों का जल विधि-विधानपूर्वक कांवड़ में लेकर भगवान शिव को अर्पित करेंगे।
उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा त्रिवेणी महादेव से प्रातः रवाना होकर बिगोद, खटवाड़ा, महेता जी का खेड़ा, सुरास, बड़लियास, जित्या, रेणवास होते हुए आमां चौराहा पहुंचेगी। यहां ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं शिवभक्तों द्वारा सभी कांवड़ियों का पुष्पवर्षा, जयघोष और श्रद्धाभाव के साथ भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा।
इसके बाद यात्रा निर्धारित मार्ग से फलोदी स्थित ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां पांचों पवित्र नदियों के जल से भगवान भोलेनाथ का वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ महाजलाभिषेक किया जाएगा। यात्रा के दौरान धर्म ध्वज, भजन-कीर्तन और शिवभक्ति का माहौल श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर करेगा।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कांवड़ यात्रा का स्वागत करें तथा भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में अपना सहयोग दें।