बिजोलिया ( शुभम ) नगर में पिछले करीब तीन सप्ताह से अधिशासी अधिकारी के रिक्त पद के कारण नगर पालिका के प्रशासनिक और जनसुविधाओं से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे थे। आमजन को जरूरी कार्यों के लिए इंतजार करना पड़ रहा था। ऐसे में जिला प्रशासन ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिजौलिया तहसीलदार ललित डीडवानिया को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है।
उपखंड अधिकारी स्वाती झा ने बताया कि स्वायत्त शासन विभाग द्वारा 10 जुलाई को जारी आदेश के तहत नगर पालिका बिजौलिया के अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल का तबादला निवाई क्षेत्र के पीपलू में कर दिया गया था। उनके स्थानांतरण के बाद से बिजौलिया नगर पालिका में अधिशासी अधिकारी का पद रिक्त था, जिससे नगरवासियों के कई आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे थे।
स्थिति को देखते हुए जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर बुधवार देर शाम तहसीलदार ललित डीडवानिया को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया। साथ ही पूर्व अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल को विधिवत रिलीव कर दिया गया।
प्रशासनिक स्तर पर लिए गए इस निर्णय से नगर पालिका के लंबित कार्यों में तेजी आने और आमजन को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। अब नगर पालिका से जुड़े प्रशासनिक, विकास एवं जनसुविधाओं से संबंधित कार्य अतिरिक्त प्रभार के तहत नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे।
