शिवनगर में सीवरेज कार्य बना मुसीबत, सड़कें बदहाल;क्षेत्रवासी परेशान, कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, जल्द मरम्मत की मांग

BHILWARA
Spread the love



*पुनित चपलोत*
भीलवाड़ा। शहर के शिवनगर क्षेत्र में अमृत-2 योजना के तहत चल रहे सीवरेज कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। करीब दो माह पहले पाइपलाइन डालने के लिए सड़कें खोदी गई थीं, लेकिन अब तक उनकी मरम्मत नहीं होने से पूरा क्षेत्र कीचड़, गंदगी और जाम नालियों की समस्या से जूझ रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोगों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया है। गुरुवार को इसी समस्या को लेकर कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष धर्मेंद्र पारीक के नेतृत्व में प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध जताया और सीवरेज कार्य शीघ्र पूरा कर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की।



प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य मनोज पालीवाल ने कहा कि स्थानीय निवासियों की शिकायत मिलने पर कांग्रेस नेताओं ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अमृत-2 योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की सही तरीके से भराई नहीं की गई, जिससे पूरा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो गया है और आमजन का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

पालीवाल ने आरोप लगाया कि पिछले दो माह से ऑटो-टीपर क्षेत्र में नहीं पहुंच पा रहे हैं, गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित है और स्कूली बच्चों को गंदगी से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक, सांसद और नगर निगम इस समस्या के समाधान में विफल रहे हैं, जबकि ठेकेदार मनमानी कर रहा है और प्रशासन पूरी तरह मौन बना हुआ है।



उन्होंने आरोप लगाया कि अमृत-2 योजना के कार्य में सरकार के एक कैबिनेट स्तर के मंत्री की कथित भागीदारी होने के कारण ठेकेदार पर कार्रवाई नहीं हो रही है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़कें दुरुस्त कर आमजन को राहत नहीं दी गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।