कालबेलिया चौराहा-भीचोर रोड पर मिला अजगर, रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

BHILWARA
Spread the love



बड़लियास (रोशन वैष्णव)
बरूंदनी कालबेलिया चौराहा-भीचोर रोड पर गुरुवार को एक विशाल अजगर दिखाई देने से राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। सड़क पर अजगर होने की सूचना मिलते ही वन विभाग के वनरक्षक रामकिशोर कासनियां अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। उनके साथ ग्रामीण शंकरलाल मीणा, गोवर्धन यादव, पप्पू यादव, रमेश रबारी सहित अन्य सहयोगियों ने भी रेस्क्यू अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई।
रेस्क्यू टीम ने पूरी सावधानी, सूझबूझ और प्रशिक्षित तरीके से कार्रवाई करते हुए अजगर को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद वन विभाग की निगरानी में उसे उसके प्राकृतिक आवास के अनुकूल सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।
समय पर की गई इस कार्रवाई से किसी भी प्रकार की जनहानि या अप्रिय घटना होने से बचाव हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और रेस्क्यू अभियान को देखा।
ग्रामीणों ने वनरक्षक रामकिशोर कासनियां एवं रेस्क्यू टीम की तत्परता, साहस और जिम्मेदारी की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने वन विभाग की त्वरित कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए आमजन से भी अपील की कि वन्यजीव दिखाई देने पर स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें।