*थल कला–ठिठोड़ा सड़क निर्माण में देरी पर ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन*

BHILWARA
Spread the love



ग्रामीणों , किसान पहुंचे तहसील कार्यालय, जिला कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन

असलम रंगरेज

काछोला (भीलवाड़ा), 6 अगस्त।
थल कला–ठिठोड़ा निर्माणाधीन सड़क को शीघ्र पूर्ण कराने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने तथा ग्राम पंचायत सरथला के देवपुरिया संपर्क मार्ग पर ग्रेवल सड़क एवं पुलिया निर्माण की मांग को लेकर गुरुवार को क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों, श्रद्धालुओं एवं जनप्रतिनिधियों ने काछोला तहसील कार्यालय पहुंचकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य लगभग एक वर्ष पूर्व शुरू हुआ था, लेकिन पिछले छह–सात महीनों से निर्माण पूरी तरह ठप पड़ा है। अधूरी सड़क पर केवल बजरी और मिट्टी डालकर छोड़ देने से बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन जाती है, जबकि अन्य दिनों में धूल, गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी विद्यालयों तक पहुंचते हैं, किसान अपनी उपज लेकर आवागमन करते हैं तथा श्रद्धालु और ग्रामीण भी नियमित रूप से गुजरते हैं। खराब सड़क के कारण दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।
ज्ञापन में राजपुरा क्षेत्र में निर्मित सीसी सड़क की तकनीकी एवं गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने तथा निर्माण कार्य में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही ग्राम पंचायत सरथला के देवपुरिया संपर्क मार्ग पर शीघ्र ग्रेवल सड़क एवं पुलिया का निर्माण कर बरसात के दौरान होने वाली आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग भी उठाई गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी सात दिनों के भीतर सड़क एवं पुलिया निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं कराया गया तो क्षेत्रवासी जनहित में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल एवं लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रशासक सरथला बर्मा लाल कंजर, जीएसएस अध्यक्ष राधेश्याम कंजर, धर्मराज गुर्जर, अभिषेक दाधीच, सुरेश धाकड़, नंदकिशोर पराशर, शंकर धाकड़, ओम धाकड़, सुरेंद्र सिंह, सूर्यप्रकाश सेन, सूरज भाटी, बालू लाल गुर्जर, राहुल पांचाल, रतन धाकड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।