चुनाव से हटने के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के घर पहुंचे 1 लाख रुपए, पुलिस ने किए जब्त

BHILWARA
Spread the love


भीलवाड़ा नगर निगम के वार्ड 49 में हड़कंप, भाजपा प्रत्याशी पर चुनाव से हटने के लिए रुपए देने का आरोप; थाने पहुंचा निर्दलीय प्रत्याशी

भीलवाड़ा। मूलचन्द पेसवानी
नगर निगम चुनाव में नाम वापसी के अंतिम दिन प्रत्याशियों को अपने पक्ष में करने की राजनीतिक कोशिशों के बीच भीलवाड़ा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नगर निगम के वार्ड नंबर 49 से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे रोहित कुमार सैन ने आरोप लगाया है कि उन्हें चुनाव मैदान से हटाने के लिए उनके घर पर एक लाख रुपए छोड़कर जाने का प्रयास किया गया। सूचना मिलने के बाद भीमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रोहित की निशानदेही पर घर से एक लाख रुपए बरामद कर लिए।


मामले को लेकर रोहित कुमार सैन ने भीमगंज थाने में रिपोर्ट दी है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और घर तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
भाजपा से टिकट नहीं मिला तो निर्दलीय उतरे रोहित
निर्दलीय प्रत्याशी रोहित कुमार सैन ने बताया कि उन्होंने वार्ड 49 से भाजपा से टिकट मांगा था, लेकिन टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने का निर्णय लिया।


रोहित का आरोप है कि अमित सारस्वत लगातार उन्हें चुनाव से हटने के लिए मनाने का प्रयास कर रहे थे। इसके लिए कई लोगों से फोन भी करवाए गए। गुरुवार को अमित उनके घर पहुंचे और हाथ जोड़कर चुनाव से हटने की बात कही।
रोहित के अनुसार उन्हें कहा गया कि यदि वे चुनाव मैदान में बने रहते हैं तो कांग्रेस प्रत्याशी को इसका फायदा मिल सकता है। उन्होंने चुनाव से हटने से साफ इनकार कर दिया।
मैंने रुपए नहीं मांगे, पलंग पर रखकर चला गया
रोहित सैन ने बताया कि इसके बाद अमित दोबारा उनके घर आए। उन्होंने फोन पर कहा कि वह यहां एक लाख रुपए छोड़कर जा रहे हैं और जरूरत होने पर और रुपए भी भेज सकते हैं।


रोहित के मुताबिक उन्होंने पूछा कि आखिर उन्होंने रुपए कब मांगे थे, लेकिन इसके बाद फोन काट दिया गया। उनका आरोप है कि उनके घर के पलंग पर एक लाख रुपए रखकर व्यक्ति वहां से चला गया।
रोहित ने कहा कि उन्होंने न तो किसी से रुपए मांगे थे और न ही चुनाव से हटने के बदले किसी प्रकार की राशि की मांग की थी।
पुलिस ने घर से बरामद किए एक लाख रुपए
भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया कि माणिक्य नगर निवासी रोहित सेन की ओर से रिपोर्ट दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार अमित नाम का व्यक्ति सुबह उनके घर आया था। उस समय रोहित की पत्नी खाना बना रही थी। आरोप है कि वह कमरे में एक लाख रुपए रखकर चला गया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रोहित की निशानदेही पर घर से एक लाख रुपए बरामद कर लिए।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नाम वापसी के अंतिम दिन मामला चर्चा में
नगर निगम चुनाव में नाम वापसी का गुरुवार को अंतिम दिन है। ऐसे में राजनीतिक दलों की ओर से निर्दलीय प्रत्याशियों को अपने पक्ष में करने के लिए मान-मनुहार का दौर चल रहा है। इसी बीच वार्ड 49 का यह मामला सामने आने से चुनावी माहौल गरमा गया है।
हालांकि, पूरे घटनाक्रम में रुपए किस उद्देश्य से दिए गए और आरोपों की वास्तविकता क्या है, यह पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा।