संवाददाता। राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी। धर्मनगरी कोटड़ी में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। श्री चारभुजा नाथ मंदिर परिसर में आकर्षक सजावट के साथ भगवान श्रीकृष्ण की 25 सजीव तथा 11 स्वचलित झांकियां सजाई गईं जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया। झांकियों में श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और धार्मिक प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। शाम होते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी। भगवान के दर्शन एवं झांकियों को देखने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कोटड़ी पहुंचे।जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, आरती एवं धार्मिक आयोजन हुए। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिर परिसर नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयकारों से गूंज उठा। कृष्ण जन्म के साथ ही अर्द्ध रात्रि में आरती के बाद 171 किलो पंजीरी प्रसाद का भोग लगा कर भक्तों को वितरित किया गया। श्रद्धालुओ ने उपवास रखा तथा देर रात में आरती के बाद प्रसाद ग्रहण कर उपवास खोला। सरसडी मठ के महंत दीपकपुरी महाराज, श्री चारभुजानाथ मन्दिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुदर्शन गाड़ोदिया, पुलिस उपाधीक्षक सुरेश डाबरिया, थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह, ट्रस्ट सचिव श्याम सुंदर चेचाणी, कोषाध्यक्ष चम्पा लाल तेली, ओम पालीवाल, पण्डित विष्णु शर्मा के मंत्रोचारण के साथ ही झांकियों की आरती की गई। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सेन, पूर्व सरपंच धर्मचंद जीनगर, कैलाश काबरा, दर्शन कांटीवाल, राम प्रसाद वैष्णव, रामप्रसाद तिवारी, चारभुजा मंदिर की पुजारी सत्यनारायण पाराशर, संजय पाराशर, मनोज पारासर मौजूद थे। इसके अलावा आदर्श विद्या मन्दिर, सर्वेश्वर महादेव, पंचेश्वर महादेव, नीलेश्वर महादेव, बाड़िया के बालाजी सहित अनेक देवालयों व सार्वजनिक स्थलों पर भी आकर्षक झांकिया सजाई गई जिसे देखने के लिए देर रात तक श्रद्धालु उमड़ते रहे।
फोटो
