25 वार्डों के नतीजे घोषित, भाजपा 12, कांग्रेस 11 और 2 निर्दलीय जीते; अध्यक्ष पद को लेकर दोनों खेमों में मंथन शुरू
बिजोलिया। नगर पालिका चुनाव के नतीजे सामने आने के साथ ही अब बिजोलिया में अगली सियासी तस्वीर को लेकर जोड़-तोड़ शुरू हो गई है। 25 वार्डों वाली नगर पालिका में भाजपा ने 12 सीटों पर जीत दर्ज कर सबसे बड़ा दल बनने का गौरव हासिल किया है, जबकि कांग्रेस 11 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही। दो वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। ऐसे में अब नगर पालिका में बोर्ड गठन की चाबी इन दोनों निर्दलीय पार्षदों के हाथ में आ गई है।
नगर पालिका बोर्ड में बहुमत के लिए 13 पार्षदों का समर्थन जरूरी है। भाजपा बहुमत के आंकड़े से महज 1 सीट दूर है, जबकि कांग्रेस को बहुमत के लिए 2 सीटों की जरूरत है। यही वजह है कि परिणाम घोषित होते ही दोनों प्रमुख दलों ने निर्दलीय पार्षदों को अपने-अपने पाले में लाने की कवायद तेज कर दी है।
निर्दलीयों पर टिकी बोर्ड गठन की तस्वीर
चुनाव परिणाम के बाद फिलहाल किसी भी दल के पास अपने दम पर बहुमत नहीं है। भाजपा के पास 12 पार्षद होने से वह बहुमत के बेहद करीब है, जबकि कांग्रेस के 11 पार्षद हैं। ऐसे में दोनों निर्दलीय पार्षदों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है।
अब भाजपा जहां एक निर्दलीय पार्षद का समर्थन हासिल कर बोर्ड बनाने की स्थिति में पहुंच सकती है, वहीं कांग्रेस को दोनों निर्दलीय पार्षदों को अपने साथ लाने की जरूरत होगी। ऐसे में आने वाले दिनों में निर्दलीय पार्षदों के साथ तालमेल और समर्थन को लेकर सियासी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
भाजपा में अध्यक्ष पद के लिए कई नाम चर्चा में
बिजोलिया नगर पालिका अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित होने के चलते भाजपा खेमे में भी दावेदारों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। भाजपा की ओर से हर्षदा कुमारी राठौर, स्नेहा तिवारी, पूजा जोशी, माया शर्मा, आशा देवी जोशी और रीना चंद्रवाल को अध्यक्ष पद के लिए प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
भाजपा के पास 12 पार्षद होने के कारण पार्टी बहुमत जुटाने के साथ-साथ अध्यक्ष पद के लिए अपने पार्षदों में से मजबूत चेहरे पर सहमति बनाने की कोशिश करेगी। ऐसे में पार्टी के भीतर भी आने वाले दिनों में बैठकों और रायशुमारी का दौर देखने को मिल सकता है।
कांग्रेस में भूमिका और आशा जैन के नाम की चर्चा
इधर कांग्रेस खेमे में भी अध्यक्ष पद को लेकर मंथन शुरू हो गया है। कांग्रेस की ओर से भूमिका सुवालका और आशा जैन को अध्यक्ष पद की प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
कांग्रेस के पास 11 सीटें हैं। ऐसे में पार्टी के सामने जहां अपने पार्षदों को एकजुट रखने की चुनौती है, वहीं बहुमत के लिए जरूरी दो अतिरिक्त समर्थन जुटाने की भी कवायद करनी होगी।
एक वोट से लेकर 227 वोट तक का अंतर
इस चुनाव में मुकाबलों की रोचकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक वार्ड में जीत का अंतर महज एक वोट रहा, जबकि दूसरे वार्ड में 227 वोटों की बड़ी जीत दर्ज हुई।
वार्ड 13 में आशा जैन ने 217 वोट हासिल कर भाजपा प्रत्याशी किरण विजयवर्गीय को महज एक वोट से हराया। किरण विजयवर्गीय को 216 वोट मिले।
वहीं वार्ड 24 में छितर भील ने 271 वोट हासिल कर निर्दलीय प्रत्याशी ललित भील को 227 वोटों से हराया। ललित भील को 44 वोट मिले। यह चुनाव की सबसे बड़ी जीत रही।
पहले चुनाव में किसी को स्पष्ट बहुमत नहीं
ग्राम पंचायत से नगर पालिका बनने के बाद बिजोलिया में पहली बार हुए नगर पालिका चुनाव में किसी भी प्रमुख दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। 11 सितंबर को हुए मतदान में 84.68 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। सोमवार को मतगणना पूरी होने के बाद अब चुनावी मुकाबला खत्म होकर बोर्ड गठन की सियासत शुरू हो गई है।
फिलहाल भाजपा बहुमत से एक कदम दूर है और कांग्रेस दो कदम पीछे। ऐसे में दोनों निर्दलीय पार्षदों का रुख बिजोलिया की शहरी सरकार की दिशा तय करेगा। दोनों दल निर्दलीयों से संपर्क और तालमेल की कोशिशों में जुटे हैं। अब देखना होगा कि निर्दलीय किस खेमे का साथ देते हैं और अध्यक्ष पद की कुर्सी किसके खाते में जाती है।
बिजोलिया नगर पालिका चुनाव : वार्डवार विजेता
वार्ड विजेता दल
1 निरमा मीणा कांग्रेस
2 माया शर्मा भाजपा
3 निशा जैन भाजपा
4 स्नेहा तिवारी भाजपा
5 निर्मल कुमार मेहर कांग्रेस
6 किशनलाल खटीक कांग्रेस
7 रईस मोहम्मद कांग्रेस
8 प्रेम कुमारी सोनी भाजपा
9 दिनेश पालीवाल कांग्रेस
10 कमलेश कोली भाजपा
11 राधेश्याम रेगर निर्दलीय
12 रीना चंद्रवाल भाजपा
13 आशा जैन कांग्रेस
14 हर्षदा कुमारी राठौर भाजपा
15 भूमिका सुवालका कांग्रेस
16 संजय कुमार मालवीय कांग्रेस
17 आशा देवी जोशी भाजपा
18 पूजा जोशी भाजपा
19 कुंवर सौभाग्य सिंह निर्दलीय
20 राधाकिशन माली भाजपा
21 चंद्रकला धोबी भाजपा
22 नरेश धाकड़ भाजपा
23 शंकर लाल धाकड़ कांग्रेस
24 छितर भील कांग्रेस
25 पूजा खटीक कांग्रेस
कुल सीटें: भाजपा 12 । कांग्रेस 11 ।निर्दलीय 2
बहुमत का आंकड़ा: 13 सीटें -भाजपा बहुमत से 1 सीट और कांग्रेस 2 सीट पीछे है। अब दोनों दलों की नजर निर्दलीय पार्षदों पर है।
