बकरियां चराकर घर लौट रहे युवक को बेकाबू कार ने मारी टक्कर, गंभीर घायल

BHILWARA
Spread the love



शक्करगढ़। कस्बे के निकट नेशनल हाईवे-148डी पर बुधवार देर शाम तेज रफ्तार बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़ी रोडवेज परिचालक की कार को टक्कर मारने के बाद बकरियां चराकर घर लौट रहे 22 वर्षीय युवक को चपेट में ले लिया। हादसे में रामप्रसाद (22) पुत्र शंभूनाथ योगी गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को गंभीर अवस्था में जहाजपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे भीलवाड़ा रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर शक्करगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली।

पुलिस ने कार में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर कार जब्त कर ली। दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन की मदद से शक्करगढ़ थाने में खड़ा करवाया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।