रायला । रायला कस्बे के चारभुजा कॉम्प्लेक्स स्थित श्री मातेश्वरी जेव्लर्स पर बीती रात अज्ञात चोरों ने साहसिक चोरी को अंजाम दिया। चोर दुकान का शटर लोहे के सरिए से उचकाकर अंदर घुसे और लगभग डेढ़ तोला सोना व करीब 2 किलो चाँदी के आभूषण चुरा ले गए। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
दुकान स्वामी रमाकांत सोनी ने बताया कि रोज की तरह वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात चोरों ने चालाकी से शटर खोलकर कुछ ही मिनटों में माल पार कर दिया। सुबह वारदात का पता चलते ही रायला पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर दीवान पांचूलाल टीम सहित मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

मौके पर मौजूद लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस स्थान पर चोरी हुई, वहां से मात्र 50 मीटर की दूरी पर पुलिस चौकी स्थित है, लेकिन वह लंबे समय से बंद पड़ी हुई है। कस्बेवासियों ने मांग की है कि चौकी को जल्द सुचारू किया जाए ताकि क्षेत्र में बढ़ती चोरी व आपराधिक घटनाओं पर रोक लग सके।
