BHILWARA

दीपावली पर शाहपुरा नगर पालिका का तोहफा-क्षतिग्रस्त सड़कों पर हुआ पेचवर्क, सदर बाजार व कॉलेज रोड पर मिली राहत

शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा नगर पालिका ने दीपावली से पहले शहरवासियों को राहत देते हुए एक सराहनीय पहल की है। लंबे समय से खराब पड़ी शहर की प्रमुख सड़कों मुख्य सदर बाजार और कॉलेज रोड की बदहाल स्थिति पर संज्ञान लेते हुए शुक्रवार को नगर पालिका ने पेचवर्क (मरम्मत कार्य) शुरू कर दिया है।
पिछले कई महीनों से इन सड़कों पर बने गड्ढों के कारण आमजन व व्यापारियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। दीपावली पर्व से ठीक पहले नगर पालिका की इस कार्रवाई से नागरिकों में राहत की भावना देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व स्थानीय समाचार पत्र में इन सड़कों की दुर्दशा से संबंधित फोटो सहित समाचार प्रकाशित किया गया था। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही पालिका की निर्माण शाखा ने क्षतिग्रस्त हिस्सों में पेचवर्क का कार्य प्रारंभ कर दिया।
सदर बाजार और कॉलेज रोड शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में गिनी जाती हैं। इन रास्तों पर हर दिन सैकड़ों वाहन और खरीदारी करने वाले नागरिक गुजरते हैं।

खराब सड़कों के कारण दीपावली से पहले बाजार आने-जाने वालों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी।
व्यापार मंडल के पदाधिकारी सूर्यप्रकाश बिड़ला ने बताया कि नगर पालिका द्वारा शुरू किए गए इस कार्य से व्यापारियों और नागरिकों को तत्काल राहत मिली है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि “अभी सड़कों के किनारों की मरम्मत का कार्य बाकी है, लेकिन बड़े-बड़े गड्ढों को बंद कर सड़क को चलने योग्य बना दिया गया है।”
नगर पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी ने कहा कि दीपावली जैसे पर्व पर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि शहर की मुख्य सड़कों के साथ-साथ वार्ड स्तर पर भी मरम्मत कार्य चरणबद्ध तरीके से किए जाएंगे ताकि किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!