BHILWARA

आसींद में अध्यापिका ललिता शर्मा को भावभीनी विदाई, 35 वर्षों की सेवा का हुआ सम्मान



आसींद। मूलचन्द पेसवानी
उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत दांतड़ा बांध स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत अध्यापिका ललिता शर्मा को 35 वर्ष 2 माह की गौरवमयी सेवा पूर्ण करने के बाद सेवानिवृत्ति पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उनके उत्कृष्ट योगदान को याद करते हुए सम्मान प्रकट किया।

ललिता शर्मा ने अपने सेवाकाल के दौरान शिक्षा विभाग में समर्पित भाव से कार्य करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेष रूप से उन्होंने इस विद्यालय में करीब 8 वर्ष 10 माह तक अपनी सेवाएं दीं, जहां उनके मार्गदर्शन में अनेक विद्यार्थियों ने शिक्षा के क्षेत्र में सफलता हासिल की।

विदाई समारोह के दौरान ललिता शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षक और विद्यार्थियों का रिश्ता केवल पढ़ाने तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह एक परिवार जैसा होता है। विद्यालय में पढ़ने वाला हर बालक-बालिका एक परिवार का महत्वपूर्ण सदस्य होता है। जिस प्रकार परिवार में बच्चों का पालन-पोषण किया जाता है, उसी प्रकार शिक्षक को भी विद्यार्थियों को अपना मानकर उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन देना चाहिए, ताकि वे जीवन में आगे बढ़कर समाज और देश का नाम रोशन कर सकें।

उन्होंने यह भी कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर जब विद्यार्थी उच्च पदों पर पहुंचते हैं तो इससे न केवल शिक्षक बल्कि गांव और विद्यालय का भी मान बढ़ता है। उनके इन विचारों ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया।

इस अवसर पर आसींद के पूर्व विधायक रामलाल गुर्जर, भाजपा के वरिष्ठ नेता हरजी राम गुर्जर, विद्यालय के प्रधानाध्यापक बाबूलाल मीणा, राधेश्याम शर्मा सहित समस्त स्टाफ एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे। विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें बधाई पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के लिए स्नेह भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने सहभागिता निभाई। पूरे समारोह का माहौल भावुकता और सम्मान से परिपूर्ण रहा, जहां सभी ने ललिता शर्मा के स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!