शक्करगढ़ में भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोग, युवा, महिलाएं और समाज के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान बाबा साहब के विचारों और संदेशों का प्रचार-प्रसार किया गया।
इसके पश्चात आयोजित आमसभा में मुख्य अतिथि के रूप में पत्रकार संघ जार के प्रदेश अध्यक्ष हरिवलभ मेघवाल उपस्थित रहे। साथ ही कोटा यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अविनाश मीना, प्रधानाचार्य रामेश्वर लाल मीना, रामलाल रैगर, धर्मचंद मीना, शंभूलाल वर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता शिवराज मीना डोला, सत्यनारायण सेन, नितेश मीना, देवीलाल माली, छितरलाल रैगर, रामपाल रैगर, हेमराज रैगर, अपेक्स कोचिंग संचालक पप्पूलाल प्रजापत, अभिमन्यु बाल विद्या मंदिर संचालक रामसिंह मीना और भीम आर्मी किशनपुरा के पुखराज खटीक सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन कवि राजकुमार बादल द्वारा किया गया। सभा में वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। साथ ही छात्र-छात्राओं को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए समाज में शिक्षा के महत्व को समझाया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने बाबा साहब के आदर्शों पर चलने का आह्वान करते हुए सामाजिक समरसता, समानता और शिक्षा को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। पूरे आयोजन में उत्साह और अनुशासन का माहौल देखने को मिला।
