*विधायक डॉ लालाराम बैरवा की सतत् निगरानी व प्रयासों से शाहपुरा–बनेड़ा विधानसभा क्षेत्र के किसानों को मिली बड़ी राहत, फसल बीमा के तहत 8,000 से अधिक किसानों के खातों में करोड़ों रुपये हस्तांतरित*

BHILWARA
Spread the love



*फ़ोकस भीलवाड़ा न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी*


शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शाहपुरा, फुलिया कला एवं बनेड़ा उपखण्ड के किसानों के लिए राहत की बड़ी खबर सामने आई है। वर्ष 2025 के खरीफ सीजन में हुई अतिवृष्टि के कारण क्षेत्र में व्यापक स्तर पर फसल खराबा हुआ था, जिससे हजारों किसान प्रभावित हुए थे। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र के विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने लगातार प्रयास, उच्च स्तर पर संवाद एवं प्रशासन के साथ सतत समन्वय बनाए रखते हुए किसानों को राहत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विधायक डॉ. बैरवा के प्रयासों के फलस्वरूप प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत प्रभावित किसानों के खातों में बीमा राशि हस्तांतरित की गई है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार शाहपुरा एवं फुलिया कला उपखण्ड के लगभग 8,000 किसानों के खातों में कुल 6 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि जमा करवाई गई है। वहीं बनेड़ा उपखण्ड के लगभग 3,700 किसानों के खातों में 1 करोड़ 50 लाख रुपये की बीमा राशि डाली गई है।

यह आर्थिक सहायता किसानों के लिए अत्यंत राहतकारी सिद्ध हो रही है। इससे जहां किसानों को हुए नुकसान की आंशिक भरपाई संभव हो सकी है, वहीं वे आगामी कृषि कार्यों के लिए भी तैयार हो सकेंगे। किसानों ने इस राहत के लिए सरकार एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने इस अवसर पर देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं राज्य के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और समय पर सहायता उपलब्ध कराना हमारी भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को लेकर वे लगातार प्रयासरत रहे हैं और आगे भी किसानों के हित में हर संभव कदम उठाते रहेंगे।

इस दौरान क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने विधायक महोदय का स्वागत करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की तथा किसानों के हित में किए गए कार्यों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

विधायक डॉ. बैरवा ने यह भी कहा कि भविष्य में भी यदि किसानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ेगा, तो उसके समाधान के लिए वे प्रशासन एवं सरकार के साथ मिलकर हमेशा तत्परता से कार्य करेंगे।