बार काउंसिल चुनाव : अधिवक्ताओं में दिखा उत्साह: बिजौलिया में 58 वकीलों ने डाले वोट

BHILWARA
Spread the love



बिजौलिया। बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव में बुधवार को सिविल कोर्ट परिसर में नगर के अधिवक्ताओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाते हुए बड़ी संख्या में मतदान किया, जिससे क्षेत्र में चुनाव को लेकर जागरूकता और एकजुटता साफ दिखाई दी।

मतदान को लेकर सुबह से ही कोर्ट परिसर में हलचल शुरू हो गई थी। निर्धारित समयानुसार सुबह 8 बजे मतदान प्रक्रिया प्रारंभ हुई, जो शाम 5 बजे तक सुचारू रूप से चली। कुल 62 अधिवक्ताओं में से 58 ने बैलेट पेपर के जरिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वरीयता क्रम के आधार पर किए गए इस मतदान में वरिष्ठ और युवा दोनों वर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। चुनाव में प्रदेश से 234 वकील भाग ले रहे है । जिनमें से 23 लोग निर्वाचित एवं 2 मनोनीत किए जाएँगे ।

पूरी प्रक्रिया एसडीएम अजीत सिंह राठौर की निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। मतदान केंद्र पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा, जिसने पूरे समय स्थिति पर नजर बनाए रखी।

मतदान अधिकारी एडवोकेट सुनील स्वर्णकार और जसवंत सिंह सोलंकी ने बताया कि मतदान निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हुआ। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति नहीं बनी।

दिनभर चले इस मतदान के दौरान कोर्ट परिसर में लोकतांत्रिक माहौल बना रहा और अधिवक्ताओं में अपने प्रतिनिधि चुनने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।