भीलवाड़ा में पहली बार कला और जीव दया का अनूठा संगम, 26 अप्रैल को पेंटिंग प्रतियोगिता
भीलवाड़ा।
शहर में पहली बार कला और जीव दया का सुंदर संगम देखने को मिलेगा। दीपिका आर्ट अकादमी, नवदीप एवं इन्टेक के संयुक्त तत्वावधान में 26 अप्रैल को शास्त्रीनगर स्थित दीपिका आर्ट गैलरी में परिण्डों पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन कलाकारों को रचनात्मक मंच देने के साथ-साथ समाज में पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने का संदेश देगा।
बच्चों में खासा उत्साह, अब तक 80 प्रविष्टियां
प्रतियोगिता को लेकर बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। अब तक करीब 80 बच्चों ने अपनी प्रविष्टि दर्ज करवाई है।
प्रतिभागी परिण्डों को अपनी कल्पना और रंगों से सजाकर उन्हें आकर्षक कलाकृतियों में बदल रहे हैं।
निर्धारित समय में होगा प्रदर्शन
आयोजक दीपिका पाराशर ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए परिण्डों का वितरण 15 से 21 अप्रैल तक किया गया।
सभी प्रतिभागियों द्वारा तैयार परिण्डों की कलाकृतियों का प्रदर्शन 26 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक दीपिका आर्ट अकादमी में किया जाएगा।
कला के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
इस आयोजन का उद्देश्य केवल कला प्रदर्शन नहीं, बल्कि गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए जल संरक्षण और उनके जीवन बचाने के प्रति जागरूकता फैलाना भी है।
आयोजकों का मानना है कि “एक परिण्डा – एक जीवन” का संदेश कला के माध्यम से अधिक प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाया जा सकता है।
शहरवासियों से भागीदारी की अपील
इन्टेक के बाबूलाल जाजू ने बताया कि कलाकारों, विद्यार्थियों और कला प्रेमियों में इस प्रतियोगिता को लेकर उत्साह है।
आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से इसमें भाग लेकर इस रचनात्मक एवं सामाजिक पहल को सफल बनाने का आह्वान किया है।
