ढाणी-ढाणी तक पहुँचेगी योजनाओं की जानकारी, मौके पर ही गाडोलिया लोहार समाज की समस्या का समाधान
बिजोलिया ।
राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु “मुख्यमंत्री ग्राम विकास रथ” का शुभारंभ मंगलवार को बिजोलिया मंडल के रसदपुरा (आरोली) से किया गया। मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल ने शिव मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना कर रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि यह विकास रथ मंडल की प्रत्येक ग्राम पंचायत और ढाणी तक पहुंचेगा, जिससे आमजन को केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी मिल सकेगी और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित होगा।
गाडोलिया लोहार समाज को मिली राहत
कार्यक्रम के दौरान गाडोलिया लोहार समाज के लोगों ने आवासीय पट्टों से जुड़ी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। इस पर विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर समस्या के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। समस्या का समाधान होने पर समाज के लोगों ने आभार व्यक्त किया।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
शुभारंभ कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र बंजारा, उपखंड अधिकारी अजीत सिंह, तहसीलदार ललित डिडवानिया, विकास अधिकारी अशेष शर्मा, फोरमैन गिरिराज मीणा, सीबीईओ मालीराम अहीर, मंडल महामंत्री मुकेश धाकड़ सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बिजोलिया । रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाते हुए
