नरेगा कार्य बंद, सचिव नदारद… परेशान महिलाओं का शक्करगढ़ पंचायत में फूटा गुस्सा

BHILWARA
Spread the love



शक्करगढ़
ग्राम पंचायत शक्करगढ़ में नरेगा कार्य बंद होने और मजदूरी नहीं मिलने से परेशान महिलाओं का गुरुवार को गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं पंचायत भवन पहुंचीं, लेकिन वहां कनिष्ठ लिपिक (नरेगा सचिव) के नहीं मिलने पर नाराज महिलाएं पंचायत के बाहर बैठ गईं और विरोध जताया।
महिलाओं ने बताया कि गांव में लंबे समय से नरेगा कार्य बंद पड़े हैं, जिससे मजदूरी नहीं मिल रही और परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। मजदूरी, जॉब कार्ड और अन्य कार्यों को लेकर वे कई दिनों से पंचायत के चक्कर काट रही हैं, लेकिन जिम्मेदार कर्मचारी समय पर नहीं आने से उनका काम अटका हुआ है।
ग्रामीण महिलाओं ने आरोप लगाया कि बार-बार आने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही, जिससे आर्थिक तंगी के साथ मानसिक परेशानी भी बढ़ती जा रही है। महिलाओं ने प्रशासन से पंचायत में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, नरेगा कार्य शुरू कराने और लंबित कार्यों का जल्द समाधान करने की मांग की है।