दो वर्ष की लंबी प्रतीक्षा के बाद भी शुरू नहीं हुआ मार्ग, दुकानदारों में रोष

BHILWARA
Spread the love



बिजोलिया।( नरेश धाकड़)मालीपुर से कैसरगंज चौराहे तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य को लगभग पूर्ण हुए एक माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक मार्ग को आमजन के लिए सुचारू रूप से शुरू नहीं किया गया है। इससे स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
क्षेत्र के दुकानदारों का कहना है कि जिस सड़क निर्माण कार्य को छह माह में पूरा हो जाना चाहिए था, उसे पूरा होने में करीब दो वर्ष का समय लग गया। अब निर्माण कार्य लगभग समाप्त होने के बावजूद सड़क के दोनों ओर आवश्यक भराव कार्य और अन्य व्यवस्थाएं नहीं की जा रही हैं, जिसके कारण मार्ग को चालू नहीं किया जा सका है।
स्थानीय व्यापारी गोविंद सेन और सत्यनारायण धाकड़ ने बताया कि पिछले दो वर्षों से सड़क निर्माण के चलते उनके व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। मार्ग बंद रहने से ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई, जिससे व्यवसाय प्रभावित हुआ है। उनका कहना है कि यदि सड़क को शीघ्र चालू कर दिया जाए तो बाजार में फिर से रौनक लौटेगी और व्यापारिक गतिविधियां सामान्य हो सकेंगी।
व्यापारियों एवं क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि सड़क के शेष कार्यों को तत्काल पूरा कर मार्ग को जल्द से जल्द जनता को समर्पित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिले और स्थानीय व्यापारियों की आजीविका पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को कम किया जा सके।