*महाराणा प्रताप जयंती पर भीलवाड़ा में निकली भव्य वाहन रैली, गंगापुर चौराहे से पासल चौराहे तक गूंजे जयकारे*

BHILWARA
Spread the love



*भीलवाड़ा फोकस न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी*

वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर भीलवाड़ा में भगत सिंह युवा संगठन के तत्वावधान में भव्य वाहन रैली निकाली गई। रैली गंगापुर चौराहे से प्रारंभ होकर पासल चौराहे स्थित महाराणा प्रताप सर्कल तक पहुंची। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और महाराणा प्रताप के जयकारों से क्षेत्र का माहौल गूंज उठा।

रैली के दौरान युवाओं ने महाराणा प्रताप के साहस, त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के आदर्शों को याद किया। पासल चौराहे स्थित महाराणा प्रताप सर्कल पहुंचने पर युवाओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कार्यक्रम का नेतृत्व भगत सिंह युवा संगठन के जिला अध्यक्ष कोमल सिंह पुरावत ने किया। इस अवसर पर नवरतन सिंह, धीरज सिंह, परमेश्वर दमामी, विकास जाट, दिलखुश सोनी, नारायण नाथ, युवराज, हुकमीचंद, दिव्या छिपा, पूनम कंवर, लक्ष्मी कंवर एवं नीतू सिंह सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में युवा सेवा समिति एवं भगत सिंह युवा संगठन द्वारा शरबत वितरण शिविर भी लगाया गया, जिसमें राहगीरों एवं आमजन को ठंडा शरबत पिलाकर गर्मी से राहत पहुंचाई गई। युवाओं ने कहा कि महाराणा प्रताप के आदर्श आज भी समाज को साहस, सेवा और स्वाभिमान की प्रेरणा देते हैं।