रंगमंच से ओटीटी तक, युवा फिल्मकार कृष्ण कन्हैया पाराशर का सफर

BHILWARA
Spread the love



भीलवाड़ा फोकस ( गोपाल उचेनिया) कला और सिनेमा की दुनिया में अपनी रचनात्मक पहचान बना रहे युवा फिल्मकार कृष्ण कन्हैया पाराशर का आज जन्मदिन है। रंगमंच से शुरू हुआ उनका सफर आज टेलीविजन, फिल्मों और ओटीटी प्लेटफॉर्म तक पहुंच चुका है। अपने निरंतर प्रयासों, मेहनत और सृजनात्मक सोच के बल पर उन्होंने मनोरंजन जगत में एक अलग पहचान स्थापित की है।  लेखन, निर्देशन, निर्माण और अभिनय जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय कृष्ण कन्हैया पाराशर ने अपने करियर की शुरुआत रंगमंच से की।

नाट्य मंचन के दौरान उन्होंने लेखन और निर्देशन में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, इसके साथ ही उन्होंने टेलीविजन और फिल्म जगत की ओर कदम बढ़ाए। उन्होंने सोनी टीवी, दंगल और स्टार भारत ,जैसे प्रमुख चैनलों और ओटीटी से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट्स में एसोसिएट डायरेक्टर, रिसर्चर डायरेक्टर और असिस्टेंट डायरेक्टर , लेखक के रूप में कार्य किया। वहीं फिल्मों के क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी रचनात्मक सोच और कार्यशैली से अलग पहचान बनाई। उनकी फिल्में और परियोजनाएं ओटीटी प्लेटफॉर्म तक पहुंचीं, जिससे उनके कार्य को व्यापक दर्शक वर्ग मिला। राजस्थानी भाषा, संस्कृति और लोकजीवन को सिनेमा के माध्यम से नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से वे लगातार कार्यरत हैं। स्थानीय विषयों और जनजीवन से जुड़ी कहानियों को पर्दे पर उतारने की उनकी सोच उन्हें समकालीन युवा फिल्मकारों में अलग स्थान दिलाती है। अपने जन्मदिन के अवसर पर कृष्ण कन्हैया ने संवाददाता के द्वारा अपने दर्शकों और शुभचिंतकों को एक विशेष जानकारी देते हुए बताया कि उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म दादा जी रिटर्न्स शीघ्र ही रिलीज होने जा रही है। इसके साथ ही वर्ष 2026 में  नई फिल्म के निर्माण की तैयारी भी जारी है, जिसकी आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी।



जन्मदिन के इस अवसर पर उनके मित्रों, सहयोगियों, सामाजिक संगठनों और कला प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, निरंतर सफलता और रचनात्मक उपलब्धियों की कामना की है।