बिजौलिया। वर्ष 2023 में दर्ज 194 किलोग्राम डोडा चूरा तस्करी प्रकरण में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना पुलिस ने करीब ढाई साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
थानाधिकारी स्वागत पांड्या ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार विशेष टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। इसी अभियान के तहत वर्ष 2023 के 194 किलोग्राम डोडा चूरा तस्करी प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी भागचंद खारोल उर्फ भागचंद नागोला निवासी नागोला, थाना भिनाय, जिला अजमेर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। मुखबिर सूचना एवं तकनीकी सहायता के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि एनडीपीएस मामलों में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश एवं गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिश दी जा रही है।
