संवाददाता। राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
तृतीय श्रेणी शिक्षक संघर्ष समिति के प्रदेश सहसंयोजक सोजी राम माली के नेतृत्व में गुरुवार को कोटड़ी ब्लॉक के तृतीय श्रेणी शिक्षकों ने अपनी लंबित स्थानांतरण मांग को लेकर उपखंड कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 5 अगस्त को प्रदेशव्यापी महा आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में शिक्षकों ने बताया कि राजस्थान के तृतीय श्रेणी शिक्षक (लेवल-1, लेवल-2, पीटीआई एवं प्रबोधक) वर्ष 2008 से अपने गृह जिले में स्थानांतरण का इंतजार कर रहे हैं। पिछले 18 वर्षों से स्थानांतरण नहीं होने के कारण हजारों शिक्षक अपने परिवार से दूर सेवाएं देने को मजबूर हैं। शिक्षकों का कहना है कि राज्य सरकार ने अन्य विभागों में तबादलों से रोक हटा दी है लेकिन तृतीय श्रेणी शिक्षकों के साथ लगातार भेदभाव किया जा रहा है।शिक्षकों ने सरकार से मांग की कि रीट 2024 भर्ती के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने से पहले तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण किए जाएं ताकि वर्षों से प्रतीक्षा कर रहे शिक्षकों को न्याय मिल सके। संघर्ष समिति ने स्पष्ट कहा कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो 5 अगस्त को प्रदेशभर में व्यापक महा आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में तृतीय श्रेणी शिक्षक मौजूद रहे और उन्होंने एक स्वर में अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए शीघ्र स्थानांतरण नीति लागू करने की मांग की।
फोटो
