भीलवाड़ा। लोकसभा सांसद दामोदर अग्रवाल सांसद बनने के बाद संसद और केंद्र सरकार की विभिन्न समितियों में लगातार महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। वर्तमान में वे सांसद पद के साथ आठ अहम राष्ट्रीय दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। सांसद प्रवक्ता विनोद झुरानी ने बताया कि उनकी सक्रिय कार्यशैली और अनुभव को देखते हुए केंद्र सरकार एवं भाजपा संगठन ने उन्हें विभिन्न समितियों और संसदीय दायित्वों में स्थान दिया है।
प्रवक्ता के अनुसार दामोदर अग्रवाल ने छात्र जीवन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक के रूप में सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। वे संघ के प्रचारक भी रहे तथा आपातकाल के दौरान जेल में रहकर आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें भीलवाड़ा से प्रत्याशी बनाया, जहां उन्होंने करीब 3.54 लाख मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
लोकसभा चुनाव के बाद उन्हें भाजपा संसदीय दल (राजस्थान) का सचेतक नियुक्त किया गया। इसके अलावा केंद्र सरकार ने उन्हें रेलवे स्थायी समिति, प्राकृतिक गैस एवं पेट्रोलियम परामर्शदात्री समिति, सांसद वेतन एवं भत्ता निर्धारण संयुक्त समिति, भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) राजस्थान राज्य सलाहकार समिति के अध्यक्ष, केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता वाली हिंदी सलाहकार समिति, जन विश्वास (प्रावधानों में संशोधन) विधेयक-2025 संबंधी प्रवर समिति तथा भारत-बाल्टिक संसदीय मैत्री समूह का सदस्य मनोनीत किया है।
प्रवक्ता ने बताया कि रेलवे स्थायी समिति में रहते हुए सांसद अग्रवाल ने भीलवाड़ा क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाई। इनमें अजमेर-चंदेरिया रेल लाइन का दोहरीकरण, भगत की कोठी–काचीगुड़ा एवं उदयपुर–चंडीगढ़ नई रेल सेवाओं की स्वीकृति, भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन के रूप में विकसित करने, चेतक एक्सप्रेस में एलएचबी कोच, रामधाम आरओबी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आरयूबी निर्माण जैसे प्रस्ताव शामिल हैं, जिनमें कई कार्य स्वीकृत होकर टेंडर प्रक्रिया में हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि विभिन्न संसदीय समितियों में सांसद दामोदर अग्रवाल की सक्रिय भागीदारी से न केवल भीलवाड़ा लोकसभा क्षेत्र बल्कि पूरे राजस्थान का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुआ है। उनके मनोनयन को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
