कार्मिक विभाग ने जारी की 183 आरएएस अधिकारियों की तबादला सूची, रिक्त चल रहा था उपखंड अधिकारी का पद
बिजौलिया – शुभम जैन । बिजौलिया उपखंड अधिकारी के रिक्त चल रहे पद पर अब आरएएस अधिकारी छोटू लाल शर्मा की नियुक्ति की गई है। कार्मिक विभाग की ओर से मंगलवार को जारी की गई 183 आरएएस अधिकारियों की तबादला सूची में शर्मा का स्थानांतरण बिजौलिया उपखंड अधिकारी के पद पर किया गया है।
छोटू लाल शर्मा वर्तमान में उपनिदेशक, महिला एवं बाल विकास विभाग, बारां के पद पर पदस्थापित थे। विभाग की ओर से जारी तबादला आदेश के बाद उन्हें अब बिजौलिया उपखंड अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बिजौलिया में एसडीएम का पद रिक्त होने से प्रशासनिक कार्यों को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नए एसडीएम की नियुक्ति से क्षेत्र में लंबित प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। शर्मा के पदभार ग्रहण करने के बाद उपखंड क्षेत्र में राजस्व, कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न प्रशासनिक मामलों के निस्तारण में गति आने की संभावना है।
