बीगोद नगर पालिका चुनाव में नामांकन खारिज होने पर बवाल, भाजपा प्रत्याशी अनिल पारीक का पर्चा निरस्त

BHILWARA
Spread the love

माण्डलगढ़। बीगोद नगर पालिका चुनाव में नामांकन पत्रों की जांच के दौरान वार्ड नंबर 19 से भाजपा प्रत्याशी एवं भाजपा नेता एडवोकेट अनिल पारीक का नामांकन पत्र खारिज किए जाने का मामला गर्मा गया। नामांकन खारिज होने की सूचना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बीगोद निर्वाचन कार्यालय के बाहर हंगामा करते हुए विरोध जताया।

जानकारी के अनुसार, नामांकन पत्रों की जांच के दौरान रिटर्निंग अधिकारी अरुण कुमार जैन ने वार्ड नंबर 19 से भाजपा प्रत्याशी अनिल पारीक का नामांकन निरस्त कर दिया। नामांकन खारिज किए जाने के पीछे पारीक के बीगोद नगर पालिका में विधि सलाहकार के रूप में नियुक्त होने से जुड़ा मामला बताया जा रहा है।

नामांकन निरस्त होने की जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में निर्वाचन कार्यालय के बाहर पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और माहौल गरमा गया।

स्थिति की सूचना मिलने पर माण्डलगढ़ रिटर्निंग अधिकारी स्वाति झा और डीएसपी योगेश शर्मा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से समझाइश की, लेकिन भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने निर्वाचन कार्यालय के बाहर जमा लोगों को वहां से हटाया।

नामांकन खारिज होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।