एनसीसीएफ ने मूंग, उड़द और सोयाबीन की एमएसपी खरीद को लेकर किसानों को किया जागरूक
असलम रंगरेज काछोला
काछोला। खरीफ सीजन 2026-27 में दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों को सरकारी खरीद व्यवस्था से जोड़ने के लिए भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ (एनसीसीएफ) जयपुर शाखा की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत काछोला में किसान चौपाल आयोजित कर किसानों को मूंग, उड़द एवं सोयाबीन की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद से संबंधित जानकारी दी गई।
एनसीसीएफ जयपुर शाखा के विनोद गठाला ने किसानों से संवाद करते हुए बताया कि निर्धारित व्यवस्था के तहत मूंग, उड़द और सोयाबीन की खरीद एमएसपी पर की जाएगी। उन्होंने किसानों से सरकारी खरीद केंद्रों की जानकारी लेकर अपनी उपज को निर्धारित व्यवस्था के माध्यम से बेचने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि नजदीकी खरीद केंद्रों पर उपज बेचने की सुविधा मिलने से किसानों को दूर के बाजारों तक परिवहन करने की जरूरत कम होगी। इससे समय एवं परिवहन खर्च की बचत के साथ किसानों को निर्धारित समर्थन मूल्य पर उपज बेचने का अवसर मिलेगा।
काछोला ग्राम सेवा सहकारी समिति के व्यवस्थापक शंकर लाल सुथार ने कहा कि सरकारी खरीद व्यवस्था किसानों को उचित मूल्य दिलाने और दलहन उत्पादन को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने किसानों से योजना की जानकारी लेकर इसका लाभ उठाने की अपील की।
घोषित एमएसपी पर एक नजर
मूंग — 8,780 रुपये प्रति क्विंटल
उड़द — 8,200 रुपये प्रति क्विंटल
सोयाबीन — 5,708 रुपये प्रति क्विंटल
किसान चौपाल के दौरान ग्राम सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष लादूलाल धाकड़, संचालक राजेंद्र सिंह सोलंकी, कन्हैया लाल धाकड़, निर्मल मीणा, भूरालाल धाकड़, चुन्नीलाल रैगर, छोटूलाल लोहार, अशोक सोनी, कैलाश बलाई, महावीर बसेर, सुखपाल आचार्य, कमलेश आचार्य, नारायण माली, मुकेश धाकड़, मिश्री धाकड़, गोपाल धाकड़, सांवरा तेली, योगेश आचार्य, सत्यप्रकाश मंत्री, राजेश काबरा, जगदीश धाकड़, देवी बलाई सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
