BHILWARA

तहसीलदार शैतान सिंह मीणा की कार्यशैली से आमजन को मिली राहत, थलकलां में ग्रामीण सेवा शिविर का हुआ आयोजन

शिविर में हाथों हाथ समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश, ग्रामीणों ने मौके पर ही आवेदन कर योजनाओं का उठाया लाभ

असलम रंगरेज

काछोला 19 सितम्बर 2025

काछोला तहसील की ग्राम पंचायत थलकलां के अटल सेवा केंद्र में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और कई सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया। अटल सेवा केंद्र थलकलां में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में काछोला तहसीलदार शैतान सिंह मीणा ने ग्रामीण सेवा शिविर का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीणों को आवासीय पट्टे वितरित किए। तहसीलदार शैतान सिंह मीणा ने शिविर में विभागवार लगाई गई स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याओं एवं समाधान कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाई स्वास्थ्य डेस्क का अवलोकन कर प्राथमिकता से महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविर में समस्याओं और योजनाओं से लाभान्वित होने के पात्र लोगों को चिह्नित करने के निर्देश दिए। शिविर में समस्याओं का त्वरित निस्तारण कर आमजन को राहत पहुँचाई।

शिविर में ग्राम पंचायत क्षेत्र के निवासी सांवरिया लाल पाराशर एवं गनिया देवी कहार ने बताया कि उन्हें निःशुल्क बीमा योजना का लाभ मिला है। उनके पालतू पशुओं का बीमा कराया गया है, जिससे आकस्मिक दुर्घटनाओं की स्थिति में सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। उन्हें 40,000 रुपये तक का वार्षिक बीमा कवर उपलब्ध कराया गया है।

ग्राम पंचायत थलकलां सरपंच धर्मीचंद संचेती ने जानकारी दी कि शिविर में पेंशन, बीमा, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के साथ साथ विभिन्न विभागों की अन्य योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। ग्रामीणों ने मौके पर ही आवेदन कर इन योजनाओं का लाभ उठाया।


शिविर में शिविर प्रभारी काछोला तहसीलदार शैतान सिंह मीणा, नायब तहसीलदार कैलाश चन्द्र मीणा, सहायक विकास अधिकारी राजकुमार व्यास, सरपंच धर्मीचंद संचेती, पंचायत विकास अधिकारी सुरेंद्र मीणा, गिरदावर प्रकाश मूंदड़ा, पटवारी सना खान, रामकिशन जाट, नन्दगोपाल सिंह, चन्द्रवीर सिंह, कनिष्ठ सहायक अभिषेक कुमार पारीक, एसएमसी अध्यक्ष घनश्याम पाराशर, घीसालाल गुर्जर, सीआर प्रतिनिधि हरीश चौधरी, विनोद चौधरी, कनिष्ठ अभियंता विकास कुमार मीणा, कनिष्ठ सहायक अभिषेक कुमार पारीक, वार्डपंच शंकरलाल गुर्जर, बिजली विभाग फीडर प्रभारी प्रहलाद जाट, दुर्गालाल तिवाड़ी, अशोक शर्मा, नन्दलाल गुर्जर, गोविंद पूरी गोस्वामी, मुकेश वैष्णव, राकेश गर्ग, श्रवण जाट, कैलाश कहार, रंगलाल गुर्जर, मुकेश कहार, हैडपम्प मिस्त्री राजूलाल सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे।

थलखुर्द में आम रास्ते पर अतिक्रमण, आमजन परेशान –

ग्राम पंचायत थलकलां के राजस्व गांव थलखुर्द में मगना रेगर की कृषि भूमि खसरा संख्या 292 के दक्षिण से पूर्व की ओर जहां वर्षों से आम रास्ता था जिस पर अतिक्रमी प्रभु तेली निवासी थलखुर्द ने अतिक्रमण कर रखा है, इस आम रास्ते का खसरा संख्या 293 है एवं आम रास्ते का क्षेत्रफल 0.1781 हेक्टेयर है जिस पर अतिक्रमण हो रखा है, ग्रामीणों ने तहसीलदार से आम रास्ते को खुलासा करवाने की मांग की, जिस पर तहसीलदार ने आम रास्ते से अतिक्रमण हटाने के लिए निर्देश दिए।

रूपपुरा को राजस्व गांव बनाने की मांग –

ग्रामीण सेवा शिविर में रूपपुरा गांव के ग्रामीणों ने श्यामलाल कहार के नेतृत्व में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर रूपपुरा गांव को राजस्व गांव घोषित करने की एक स्वर में मांग की। रूपपुरा गांव की जनसंख्या 1000 से ज्यादा है। गांव रूपपुरा में आंगनबाड़ी केंद्र एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय है। ग्रामवासियों ने मांग की है कि रूपपुरा गांव को अतिशीघ्र राजस्व गांव घोषित किया जाए।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!