भीलवाड़ा। पुलिस थाना गंगापुर ने हत्या के मामले में 18 माह से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई थानाधिकारी लीलाधर मालवीय के नेतृत्व में गठित डीएसटी टीम ने फरार आरोपी कपल सिंह उर्फ अजयपाल सिंह राजपूत, निवासी रेवाड़ा, थाना राशमी, जिला चित्तौड़गढ़ को तकनीकी निगरानी के आधार पर रेवाड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि बीते वर्ष 9 जुलाई को पिंटू सुवालका, निवासी बिकराई, थाना गंगापुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी मां लाली देवी रोज की तरह खेत पर काम करने गई थी। दोपहर करीब 3:13 बजे लाली देवी ने फोन कर मारपीट की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर आरोपियों द्वारा लाठी से मारपीट कर ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल लाली देवी को बांगड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मामले में पहले ही आरोपियों राजु उर्फ राजकुमार एवं रामु सुवालका को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। फरार आरोपी कपल सिंह उर्फ अजयपाल सिंह की तलाश जारी थी, जिस पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी आबकारी वृत्त चित्तौड़गढ़, कपासन तथा थाना बड़ीसादड़ी में आबकारी अधिनियम के मामलों में भी वांछित रहा है।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
