कला दिवस पर “संचिना” ने जगाई सृजन की लौ, छात्राओं की प्रतिभा ने भरा रंगों का आसमान

BHILWARA
Spread the love

शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
विश्व कला दिवस के अवसर पर शाहपुरा क्षेत्र में कला को नई दिशा देने का सराहनीय प्रयास करते हुए संचिना कला संस्थान ने एक बार फिर अपनी सक्रियता और समर्पण का परिचय दिया। संस्थान की ओर से पीएम श्री वीर माता माणिक कंवर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित विभिन्न कला प्रतियोगिताओं ने छात्राओं की रचनात्मकता को खुलकर मंच प्रदान किया।
संचिना कला संस्थान के अध्यक्ष राम प्रसाद पारीक के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में जल बचाओ, बेटी बचाओ, पृथ्वी बचाओ, प्रदूषण रोको जैसे समसामयिक और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों के साथ-साथ वीर माता माणिक कंवर का चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 20 से अधिक छात्राओं ने भाग लेकर अपनी कला प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के परिणाम घोषित होने पर प्रथम स्थान सुनीता माली एवं मनीषा साहू, द्वितीय स्थान राधिका गुर्जर एवं नादिरा शेख, तथा तृतीय स्थान दीक्षा सुनारिया ने प्राप्त किया। विजेताओं को संचिना कला संस्थान की ओर से प्रमाण पत्र एवं पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पारितोषिक वितरण समारोह में विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल पियूष गदिया, प्रतियोगिता प्रभारी इंदिरा धूपिया, वरिष्ठ अध्यापक इंदिरा जैन, आयशा सिद्दीकी एवं मेघा केवलानी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर अध्यक्ष राम प्रसाद पारीक ने अपने संबोधन में कहा, “कला ही जीवन का सार है। कला मन के विचारों को अभिव्यक्ति देने का सबसे सशक्त माध्यम है। विश्व कला दिवस पर छात्राओं के बीच प्रतियोगिता आयोजित कर हमें गर्व का अनुभव हो रहा है। संचिना संस्थान लगातार बाल प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रयासरत है।”कार्यक्रम के अंत में पियूष गदिया ने सभी का आभार व्यक्त किया।