बिजोलिया। नरेश धाकड़ ।
कस्बे का मुख्य बस स्टैंड इन दिनों अव्यवस्था का शिकार बना हुआ है। यात्रियों की सुविधा और बसों के सुचारु संचालन के लिए बनाए गए इस परिसर पर अब अवैध पार्किंग ने कब्जा जमा लिया है। बस स्टैंड में चारपहिया और दोपहिया वाहनों की भरमार के चलते बसों के आवागमन में बाधा आ रही है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
हालात ऐसे हैं कि कई बार बसों को निर्धारित स्थान से दूर खड़ा करना पड़ता है। इससे यात्रियों खासतौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को धूप और गर्मी में पैदल चलकर बस तक पहुंचना मजबूरी बन गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बस स्टैंड में पार्किंग की कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग इसे ही पार्किंग स्थल की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं। दिनभर खड़े रहने वाले निजी वाहनों से यहां जाम जैसे हालात बन जाते हैं और दुर्घटना का खतरा भी लगातार बना रहता है।
नागरिकों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के चलते यह समस्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। बस स्टैंड जैसा संवेदनशील स्थान भी अतिक्रमण और अव्यवस्था की चपेट में है, जिससे आमजन को सीधा नुकसान हो रहा है।
