मांडलगढ़ । जल जीवन मिशन की प्रगति रिपोर्ट और पंचायत स्तर पर पेयजल व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर की चुनिंदा पंचायतों के प्रतिनिधियों से संवाद किया। इस दौरान मांडलगढ़ क्षेत्र की पंचायत की पेयजल व्यवस्था भी चर्चा का केंद्र रही, जहां घर-घर पानी पहुंचाने की व्यवस्था की विस्तृत जानकारी मंत्री और केंद्रीय अधिकारियों को दी गई।

वीसी के दौरान केंद्रीय मंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों से वर्तमान पेयजल स्थिति, जलापूर्ति की नियमितता, पाइपलाइन नेटवर्क और आमजन को मिल रही सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत ऑफशोर कंपनी द्वारा गांव की गलियों में पाइपलाइन बिछाकर हर घर तक नल कनेक्शन पहुंचाए गए हैं। इतना ही नहीं, पशुआलयों तक भी पानी की सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए हैं, जिससे ग्रामीणों को काफी राहत मिली है।
केंद्रीय अधिकारियों ने योजना को और मजबूत बनाने को लेकर सुझाव भी दिए और कहा कि जिन क्षेत्रों में अब भी आवश्यकता है वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार ग्रामीण भारत में स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है।
पंचायत प्रतिनिधियों ने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल, उनकी टीम, क्षेत्रीय विधायक तथा चंबल योजना से जुड़े अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधियों ने कहा कि स्थानीय स्तर पर लगातार किए गए प्रयासों के कारण क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था मजबूत हुई है और ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है। अधीक्षण अभियंता रामप्रसाद जाट, सहायक अभियंता प्रकाश शर्मा, ग्राम विकास अधिकारी भारत सिंह देवड़ा, अध्यापिका आरती जीनगर, पूर्व उपसरपंच हेमंत जोशी, आशीष कुमार जोशी, महेंद्र सिंह भाटी सहित ग्रामीणजन मौजूद थे।
