प्रशासनिक लापरवाही: ट्रांसपोर्ट की कमी से खुले में सड़ रहा अन्न,

BHILWARA
Spread the love

किसानों में भारी रोष48 घंटे से खरीद ठप, दीमक और धूप से खराब हो रहा अनाज; ग्रामीणों ने उठाई तत्काल समाधान की मांग


बड़लियास (रोशन वैष्णव)। क्षेत्र के बरूंदनी एवं गोपालपुरा खरीद केंद्रों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर चल रही अनाज खरीद व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। ट्रांसपोर्ट ठेकेदार की लापरवाही के चलते हजारों क्विंटल अनाज खुले आसमान के नीचे पड़ा हुआ है, जिससे उसके खराब होने का खतरा बढ़ गया है।
खरीद केंद्रों पर हालात यह हैं कि उठाव नहीं होने के कारण अनाज के कट्टों के नीचे दीमक लगने लगी है, वहीं तेज धूप और असुरक्षित भंडारण से गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। पिछले दो दिनों से वाहनों की उपलब्धता नहीं होने के कारण खरीद कार्य पूरी तरह ठप पड़ा है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो स्थिति और भी चिंताजनक है। 1100 से अधिक किसानों का पंजीकरण होने के बावजूद अब तक केवल 78 किसानों की ही उपज खरीदी जा सकी है। पिछले 48 घंटों से खरीद प्रक्रिया पूरी तरह बंद है, जिससे किसानों में भारी रोष व्याप्त है।
एक ओर सरकार किसानों की आय बढ़ाने और सुचारू खरीद के दावे कर रही है, वहीं जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। यदि जल्द ही परिवहन व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
मंडी में अपनी बारी का इंतजार कर रहे किसानों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि खरीद प्रक्रिया फिर से शुरू हो सके। किसानों ने चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं होने पर वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम लाल अहीर ने भी प्रशासन से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
साथ ही ग्राम प्रशासक गजेंद्र साहू, शिव प्रकाश दरक, शैतान सिंह शक्तावत, शंकर खटीक, श्याम लाल चौधरी, बसंती सोनी व गांव के गणमान्य नागरिकों ने भी प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द ट्रांसपोर्ट की उचित व्यवस्था कर खरीद कार्य पुनः शुरू कराया जाए, ताकि किसानों को हो रहे नुकसान से बचाया जा सके।