बिजोलिया (नरेश धाकड़)उपखंड क्षेत्र में सोमवार को अचानक मौसम ने करवट बदल ली। दोपहर बाद तेज आंधी, कड़कती बिजली और गर्जन के साथ बारिश शुरू हुई, जिसके बाद कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई। गर्मी से परेशान लोगों को जहां मौसम बदलने से राहत मिली, वहीं किसानों और पशुपालकों की चिंता भी बढ़ गई।
क्षेत्र के बिजोलिया कस्बे सहित आसपास के गांवों में कुछ देर तक जमकर बारिश हुई और ओले गिरने से सड़कों व घरों की छतों पर सफेद चादर जैसी स्थिति नजर आई। अचानक बदले मौसम से लोग सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े। बाजारों में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा।
गर्मी के मौसम में हुई इस बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत महसूस की। वहीं किसानों ने बताया कि खेतों में खड़ी फसलों और सब्जियों को नुकसान होने की आशंका बनी हुई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में भी मौसम में बदलाव की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।
