*तीन राज्यों में मिली ऐतिहासिक जीत पर भाजपाइयों ने अनूठे अंदाज में मनाया विजयोत्सव*

BHILWARA
Spread the love



*बंगाल में कुशासन के अंत का जश्न मनाने उमड़े सैंकड़ों कार्यकर्ता, नृत्य से किया खुशी का इजहार*

*मां दुर्गा की आरती के साथ झालमुड़ी और बंगाली मिठाई का चखा स्वाद*

*ब्यूरो चीफ पुनित चपलोत*
भीलवाड़ा // भारतीय जनता पार्टी द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल, आसाम और पांडुचेरी में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने और विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में ममता सरकार के कुशासन और तानाशाही की नींव पर बने दुर्ग के ढहने की खुशी का इजहार सैंकड़ों भाजपाइयों ने जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के नेतृत्व एवं पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर, पूर्व महापौर राकेश पाठक के सान्निध्य में स्थानीय सूचना केंद्र स्थित बजरंगी चौराहे पर अनूठे अंदाज में जोश और उत्साह के साथ जश्न मनाकर किया।



*मां दुर्गा की आरती कर शीश नवाया, जिलाध्यक्ष ने कहा – महिलाओं के सम्मान की जीत*

जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि भाजपाइयों ने इस अवसर पर माँ दुर्गा की भव्य आरती उतारी। कार्यकर्ताओं ने श्रद्धापूर्वक माँ के चरणों में शीश नवाया और बंगाल की पवित्र भूमि पर मिली इस सफलता को साक्षात ‘दैवीय आशीर्वाद’ के रूप में स्वीकार किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष मेवाड़ा ने कहा कि बंगाल में भाजपा की यह जीत केवल सीटों की जीत नहीं है, बल्कि यह उन लाखों माताओं और बहनों के सम्मान और स्वाभिमान की जीत है, जिन्हें बंगाल में ममता शासन के दौरान अपमानित होना पड़ा था। उन्होंने इस जीत को ‘नारी शक्ति’ के संघर्ष की विजय बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कुशल नेतृत्व का परिणाम है। बंगाल में अब कुशासन की बजाय अब सुशासन की स्थापना होगी। कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर जमकर आतिशबाजी की, जिससे पूरा आसमान सतरंगी रोशनी और गूँज से भर उठा।

*सजी ‘झालमुड़ी’ की स्टॉल, बंगाली मिठाई से कराया मुंह मीठा*

विजयोत्सव के दौरान एक बेहद अनूठा नज़ारा देखने को मिला। बंगाल की जीत का जश्न मनाने के लिए भाजपाइयों ने वहां ‘झालमुड़ी’ की विशेष स्टॉल लगाई। जिलाध्यक्ष और पदाधिकारियों ने स्वयं अपने हाथों से बंगाली समाज के पुरुष, महिलाओं, कार्यकर्ताओं और राहगीरों को बंगाल का यह प्रसिद्ध पारंपरिक अल्पाहार वितरित किया। कार्यकर्ताओं ने बड़े चाव से झालमुरी खाकर बंगाल की जीत का स्वाद चखा। इसके साथ ही बंगाली मिठाइयों से एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर जीत की खुशियां साझा की गईं।

*पारंपरिक परिधान में पहुंचे बंगाली समाज के पुरुष और महिलाएं, ढोल-नगाड़ों पर थिरके भाजपाई*

जश्न का माहौल तब और अधिक जीवंत हो उठा जब ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ताओं ने नृत्य करना शुरू किया। कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष मेवाड़ा को अपने कंधों पर उठा लिया। इस अवसर पर स्थानीय बंगाली समाज के लोगों ने भी अपनी पारंपरिक वेशभूषा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिलाध्यक्ष मेवाड़ा के नेतृत्व में उनका स्वागत सम्मान किया गया। साथ ही भारत माता की जय के नारों से पूरा क्षेत्र गूँज उठा।

इस अवसर पर वरिष्ठ नेता पेंटर सूरज, अविनाश जीनगर, प्रहलाद त्रिपाठी, कन्हैयालाल जाट,अंकुर बोरदिया सहित सैंकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।