गांव-गांव पहुंचेगा विकास का रथ, किसानों-पशुपालकों को बताएगा योजनाओं का सच

BHILWARA
Spread the love


13 मई से शाहपुरा विधानसभा में शुरू होगा एलईडी मोबाइल वैन ‘ग्राम रथ अभियान’, विधायक डॉ. लालाराम बैरवा करेंगे शुभारंभ

शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
राजस्थान सरकार की किसान, पशुपालक और ग्रामीण विकास केंद्रित योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र में “एलईडी मोबाइल वैन ग्राम रथ अभियान” की शुरुआत 13 मई से होने जा रही है। राज्य सरकार की विकासपरक और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने वाला यह विशेष अभियान 17 मई तक पूरे विधानसभा क्षेत्र में चलेगा। अभियान का शुभारंभ बुधवार प्रातः 10 बजे ग्राम पंचायत मुख्यालय रहड़ से होगा, जहां शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा की मौजूदगी प्रस्तावित है।
राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही कृषक हितैषी योजनाएं, पशुपालकों के लिए अनुदान, सिंचाई सुविधाएं, ग्रामीण रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी योजनाओं की जानकारी इस एलईडी ग्राम रथ के माध्यम से ग्रामीणों तक पहुंचाई जाएगी। रथ में आधुनिक एलईडी स्क्रीन, ऑडियो-वीडियो प्रस्तुतियां और योजनाओं की जानकारी देने वाली सामग्री प्रदर्शित की जाएगी, ताकि ग्रामीण सीधे तौर पर सरकारी योजनाओं से जुड़ सकें।
कार्यवाहक उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदार शाहपुरा भीवंराज परिहार द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 13 मई को यह रथ रहड़ से रवाना होकर दोपहर 12 बजे बच्छखेड़ा, शाम 4 बजे देवपुरी और 6 बजे लसाड़िया पहुंचेगा। वहीं 14 मई को सुबह 10 बजे चलानिया से प्रारंभ होकर लूलास, करमड़ास और ढिकोला होते हुए बनेड़ा क्षेत्र में प्रवेश करेगा।
15 मई को ग्राम रथ कंकोलिया, बबराना, खेडलिया और महुआ खुर्द में पहुंचेगा। इसके बाद 16 मई को सालरिया कलां, बालेसरिया, पायरा और बैरां में योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। अभियान के अंतिम दिन 17 मई को बामनिया, उपरेड़ा, राक्षी और मेघरास में कार्यक्रम आयोजित होंगे, जहां शाम 6 बजे अभियान का समापन किया जाएगा।
तहसीलदार परिहार ने बताया कि सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को सूचना देकर कार्यक्रम में उपस्थित करवाएं, ताकि आमजन को योजनाओं की वास्तविक जानकारी और लाभ दोनों मिल सकें।
विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने ग्रामीणों, किसानों, पशुपालकों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे ग्राम रथ अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और उनका लाभ उठाएं।