बिजौलिया।
लगातार बढ़ रही महंगाई को लेकर शुक्रवार को बिजौलिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपखंड कार्यालय पहुंचे और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई के कारण आमजन का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। खाद्य सामग्री, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल सहित रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे मध्यम वर्ग और मजदूर वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई के बावजूद सरकार आमजन को राहत देने में विफल साबित हो रही है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश एवं कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामलाल जाट के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई पर नियंत्रण की मांग की। ज्ञापन में आमजन को राहत देने के लिए आवश्यक वस्तुओं के दाम कम करने तथा आर्थिक नीतियों में सुधार की मांग उठाई गई।
इस दौरान नगर अध्यक्ष अनिल राव ,पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष छीतर प्रजापत, पूर्व संगठन मंत्री शक्ति नारायण शर्मा, पूर्व यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष तूफान यादव, पूर्व जिला परिषद सदस्य अंकित तिवारी, कमलेश सेन, विक्रम सोनी , अनिता जैन, संजय मालवीय,जसवंत सिंह सोलंकी , कुंज बिहारी मेहर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
