शक्करगढ़
क्षेत्र के किसानों को समय पर बिजली कनेक्शन नहीं मिलने से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसा ही मामला ग्राम बाकरा निवासी किसान कैलाश पिता मोहनलाल कंजर का सामने आया है, जिन्होंने कृषि कार्य के लिए थ्री फेज बिजली कनेक्शन लेने हेतु 13 नवंबर 2024 को विभाग में निर्धारित डिमांड राशि जमा करवाई थी, लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी आज तक ट्रांसफार्मर और कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया गया।
किसान कैलाश कंजर ने बताया कि कनेक्शन के लिए सभी आवश्यक दस्तावेज और शुल्क समय पर जमा करवाने के बावजूद विभाग और ठेकेदार की लापरवाही के कारण उन्हें लगातार चक्कर काटने पड़ रहे हैं। कई बार अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद भी सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है।
किसान का कहना है कि बिजली कनेक्शन नहीं मिलने से खेतों में सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे फसल उत्पादन पर सीधा असर पड़ रहा है। भीषण गर्मी और पानी की कमी के बीच किसान आर्थिक नुकसान झेलने को मजबूर है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कई किसानों के बिजली कनेक्शन लंबे समय से लंबित पड़े हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। किसानों ने जल्द ट्रांसफार्मर लगाकर थ्री फेज कनेक्शन शुरू करवाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो किसानों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग और संबंधित ठेकेदार की होगी।
