बड़लियास ( रोशन वैष्णव)
। ग्राम बरूंदनी के लिए गर्व और सम्मान का अवसर उस समय बना जब लादूलाल मीणा के पुत्र बाबूलाल मीणा भारतीय सेना की अग्निवीर योजना के अंतर्गत छह माह का प्रशिक्षण पूर्ण कर पहली बार अपने गांव पहुंचे। उनके आगमन पर ग्रामीणों, पूर्व सैनिकों एवं गणमान्य नागरिकों ने भव्य स्वागत किया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा तथा राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।

गांव पहुंचने पर बाबूलाल मीणा का पुष्पमालाओं एवं साफा पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद स्वागत जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। जुलूस के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और भारतीय सेना जिंदाबाद के जयघोष लगाए गए।
इस अवसर पर बाबूलाल मीणा ने गांव के गौरव शहीद जगन्नाथ मीणा स्मारक पहुंचकर शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि शहीदों के त्याग और बलिदान से ही देश सुरक्षित है तथा उन्हीं से प्रेरणा लेकर युवा देश सेवा के लिए आगे बढ़ते हैं। उन्होंने राष्ट्र की रक्षा एवं सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए देशहित में सदैव तत्पर रहने का संकल्प दोहराया।
पूर्व सैनिक श्यामलाल मीणा एवं कन्हैयालाल अहीर ने बाबूलाल मीणा का स्वागत करते हुए कहा कि गांव के युवाओं का सेना में जाकर देश सेवा करना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सेना और सुरक्षा सेवाओं में अधिक से अधिक भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रशानिक गजेंद्र साहू, औराई सिंचाई परियोजना अध्यक्ष शम्भूलाल मीणा, मंडल अध्यक्ष श्यामलाल अहीर, शैतान सिंह शक्तावत किशन मीणा, राधेश्याम मीणा, कन्हैयालाल मीणा, धन्नालाल मीणा, जवाहरलाल मीणा, भंवरलाल खटीक, कालूलाल पालीवाल, शंकर खटीक, कमलेश सुथार, आनंद मोहन प्रजापत, माहेश्वरी समाज अध्यक्ष रामराय लढ़ा एवं विश्व हिन्दू परिषद् राधाकृष्णन लखारा बसन्ती सोनी राधाकृष्ण प्रजापत शिव प्रकाश भट्ट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने बाबूलाल मीणा की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता गांव के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। स्वागत समारोह के दौरान राष्ट्रभक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला।
