दिलखुश मोटीस
सावर(अजमेर)@ग्राम पंचायत कुशायता में जनकल्याण शिविर के अंतर्गत ग्रामीण सेवा शिविर 2026 का आयोजन किया गया। शिविर में अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं शिविर प्रभारी चंद्रशेखर भंडारी, कार्यवाहक उपखंड अधिकारी भगवती प्रसाद वैष्णव, विकास अधिकारी संगीता व्यास, चिरंजी लाल वर्मा, स्वच्छ भारत मिशन ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रियंक दाधीच, प्रशासक रसाल देवी खारोल, उपखंड कार्यालय कार्मिक विनोद सेन, ग्राम विकास अधिकारी मनजीत सिंह चौधरी, कनिष्ठ सहायक इंदिरा एवं राकेश गुर्जर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना शिविर का मुख्य उद्देश्य है। शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ उठाया। कुल 22 विभागों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
शिविर के दौरान 20 पट्टों का वितरण किया गया तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत 17 व्यक्तिगत शौचालयों की स्वीकृति जारी की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तीन लाभार्थियों को तृतीय किस्त का भुगतान किया गया। वहीं पांच पेंशनधारकों का सत्यापन, एक दिव्यांग स्कूटी आवेदन, 23 जनआधार संशोधन एवं प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत चार नए बैंक खाते खोले गए।
महिला अधिकारिता विभाग द्वारा कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 26 बीमा पॉलिसियां जारी की गईं। कृषि विभाग ने 17 मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए तथा पांच किसानों को मूंग मिनी किट प्रदान की। चिकित्सा विभाग ने 97 तथा आयुर्वेद विभाग ने 63 रोगियों को चिकित्सा एवं परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराईं।
इसके अलावा परिवहन विभाग द्वारा चार लाभार्थियों के स्मार्ट कार्ड पंजीकरण किए गए। राजस्व विभाग ने सात खातों का शुद्धिकरण, चार आपसी सहमति एवं बंटवारा प्रकरणों का निस्तारण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में 23 पंजीकरण, 13 नामांतरण प्रकरण, दो सीमा ज्ञान पत्थरगढ़ी प्रकरण तथा 48 जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्रों से संबंधित कार्य संपादित किए।
शिविर के समापन पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर चंद्रशेखर भंडारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए आमजन को अधिकाधिक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।
