बिजोलिया | संवाददाता नरेश धाकड़
बिजोलिया उपखंड क्षेत्र में शुक्रवार को मौसम ने अलग-अलग रंग दिखाए। कस्बे सहित कुछ इलाकों में तेज बारिश होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं क्षेत्र के कई गांवों में बारिश नहीं होने से किसान बादलों की ओर टकटकी लगाए रहे।
बिजोलिया कस्बे में दोपहर बाद हुई तेज वर्षा से सड़कों पर पानी बह निकला और मौसम सुहावना हो गया। बाजार में मौजूद लोगों ने बारिश का आनंद लिया, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को कुछ देर के लिए रुकना पड़ा।
दूसरी ओर, उपखंड के कई ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश नहीं होने से खेत सूखे पड़े हैं। खरीफ फसलों की बुवाई कर चुके किसान अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में असमान वर्षा के कारण खेती प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
मौसम के इस असंतुलित रुख के चलते एक ओर जहां बारिश वाले क्षेत्रों में लोगों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी, वहीं सूखे इलाकों के किसान अच्छी वर्षा की उम्मीद लगाए बैठे हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि अगले कुछ दिनों में व्यापक बारिश होती है तो किसानों को बड़ी राहत मिल सकती है।
