गंगापुर/सहाड़ा, 30 जून। पंचायत समिति सहाड़ा की ग्राम पंचायत शिवरती में मंगलवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 में विभिन्न विभागों ने मौके पर ही आमजन की समस्याओं का समाधान करते हुए पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धि ग्राम कालाढूंढा निवासी 71 वर्षीय लादू जांगलिया की करीब दो वर्षों से बंद सामाजिक सुरक्षा पेंशन का पुनः शुरू होना रही। पेंशन बंद होने से आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे लादू जांगलिया की समस्या का सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने शिविर में ही समाधान कर पेंशन चालू कर दी। राहत मिलने पर उन्होंने जिला प्रशासन और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने अन्नप्राशन, गोदभराई एवं जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए। कृषि विभाग ने देउ (लादू) भील एवं कमला (डालू) भील को मूंग बीज मिनीकिट वितरित किए, जबकि पशुपालन विभाग ने मंगला को पशु बीमा पॉलिसी प्रदान की।
आयुर्वेद विभाग ने सल्यावड़ी निवासी नरेन्द्र सिंह का पिस्टुला रोग का उपचार किया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने पात्र लाभार्थियों को निक्षय पोषण किट वितरित की। वहीं राजस्व विभाग ने आपसी सहमति से भूमि बंटवारे के एक प्रकरण का मौके पर ही निस्तारण कर संबंधित पक्षों को राहत दिलाई।
शिविर में उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत शिवरती के सरपंच सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और विभिन्न विभागों द्वारा त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने की सराहना की। ग्रामीणों ने ऐसे शिविरों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में प्रभावी पहल बताया।
