बड़लियास (रोशन वैष्णव)। पंचायत समिति मांडलगढ़ की ग्राम पंचायत सुसर में मंगलवार को जन कल्याण ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर आमजन को राहत प्रदान की।
शिविर में राजस्व, पंचायत राज, कृषि, चिकित्सा, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, जलदाय, विद्युत, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने नाम संशोधन, राजस्व रिकॉर्ड, पेंशन, पट्टा, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित प्रकरण प्रस्तुत किए, जिनका विभागीय अधिकारियों द्वारा त्वरित निस्तारण किया गया।
शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया तथा आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर सभी विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है।
शिविर में उपखंड अधिकारी, विधायक प्रतिनिधि मुकेश खंडेलवाल, मांडलगढ़ ग्रामीण मंडल अध्यक्ष श्यामलाल अहीर, सरपंच प्रतिनिधि भैरूलाल सालवी, पूर्व पंचायत समिति सदस्य युवराज सिंह, लोकेश सुथार, कालू सिंह चौहान, नारायण गुर्जर सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
शिविर में ग्रामीणों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की एक साथ मौजूदगी से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर सुलभ रूप से प्राप्त हुआ।
